हिंदू नववर्ष पर कोटा में निकली विशाल वाहन रैली

हिंदू नववर्ष पर कोटा में निकली विशाल वाहन रैली
हिंदू नववर्ष पर कोटा में निकली विशाल वाहन रैली

रिपोर्ट- यतीश व्यास

कोटा, 21 मार्च। हिंदू नववर्ष के अवसर पर शनिवार को शहर में विशाल भगवा वाहन रैली निकाली गई। हिंदू नववर्ष आयोजन समिति द्वारा आयोजित पंचदिवसीय कार्यक्रमों के समापन पर यह रैली निकाली गई, जिसमें 500 से अधिक बस्तियों से लोग शामिल हुए।

रैली में भारत माता, भगवान श्रीराम, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी सहित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। डीजे पर भजनों और देशभक्ति गीतों के बीच युवा उत्साह के साथ शामिल हुए। जय श्रीराम और वंदे मातरम नारों से माहौल गूंजता रहा।

संयोजक युधिष्ठिर सिंह ने बताया कि 12 नगरों की टोलियां अलग-अलग स्थानों से निकलकर टीलेश्वर मंदिर चौराहे पर एकत्र हुईं और जड़ के बालाजी दशहरा मैदान पहुंचकर हनुमान चालीसा के साथ समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज की एकता और सनातन संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया। इस दौरान साध्वी हेमा सरस्वती, शंकरलाल माली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।