कोटा: मतदान के बाद विवाद, वार्ड 23 के भाजपा प्रत्याशी पर मतदाता से मारपीट का आरोप

कोटा: मतदान के बाद विवाद, वार्ड 23 के भाजपा प्रत्याशी पर मतदाता से मारपीट का आरोप

यतीश व्यास 

कोटा। नगर निगम चुनाव के दौरान रंगबाड़ी के वार्ड 23 में मतदान केंद्र के बाहर विवाद का मामला सामने आया है। एक मतदाता ने भाजपा प्रत्याशी आरडी वर्मा पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए महावीर नगर थाने में शिकायत दी है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान केंद्र के बाहर माहौल तनावपूर्ण रहा।

मतदाता भूपेंद्र ने बताया कि वह मतदान करने के बाद केंद्र के बाहर मौजूद बीएलओ से बातचीत कर रहे थे। बीएलओ उनके परिचित हैं और उनके घर के आसपास ही रहते हैं। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी आरडी वर्मा वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई।

घटना को लेकर कांग्रेस नेता श्याम सिंह जादौन ने भी आरोप लगाया कि मतदान के बाद भूपेंद्र परिचित बीएलओ से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी वहां पहुंचे और विवाद के बाद उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं मतदान केंद्र पर भाजपा बूथ से जुड़े एक व्यक्ति ने भी कहा कि किसी भी प्रत्याशी की ओर से मतदाता के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। घटना के बाद भूपेंद्र ने महावीर नगर थाने में शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।