स्काउट-गाइड : बच्चों में अनुशासन और सेवा के संस्कार विकसित करने का माध्यम, 7 नवंबर को मनाया जाएगा स्थापना दिवस

विशेष लेख 
प्रकाश जायसवाल 

स्काउटिंग केवल संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और समाज सेवा की पाठशाला है। इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाना और उनमें राष्ट्रप्रेम व मानव सेवा की भावना विकसित करना है।

भारत में स्काउटिंग की शुरुआत 1909 में हुई थी। स्वतंत्रता के बाद 7 नवंबर 1950 को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का गठन किया गया। तब से प्रतिवर्ष 7 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जाता है।

स्काउट-गाइड शिविरों, रैलियों और सेवा गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। प्राकृतिक आपदाओं, धार्मिक आयोजनों, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

कोटा में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण द्वारा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर (कोटा-बारां) के सहयोग से पौधारोपण, जल संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, स्वच्छता और परिंडा अभियान जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

स्काउटिंग का मूल मंत्र सेवा है। यह बच्चों को संस्कारवान और युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है।