कोटा: दादाबाड़ी में कल शुरू होगा दासवानी डेंटल हॉस्पिटल, डिजिटल तकनीक से होगा उपचार, सीबीसीटी मशीन और आधुनिक लैब की सुविधा भी उपलब्ध

कोटा: दादाबाड़ी में कल शुरू होगा दासवानी डेंटल हॉस्पिटल, डिजिटल तकनीक से होगा उपचार, सीबीसीटी मशीन और आधुनिक लैब की सुविधा भी उपलब्ध

यतीश व्यास 

कोटा। दादाबाड़ी स्थित दासवानी डेंटल हॉस्पिटल का शुभारंभ रविवार को किया जाएगा। हॉस्पिटल के निदेशक विजय दासवानी ने बताया कि आधुनिक डिजिटल तकनीक और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त इस हॉस्पिटल में दांतों और मुंह से संबंधित विभिन्न बीमारियों का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हॉस्पिटल में दांतों की नसों, मसूड़ों और बच्चों के दांतों के उपचार के लिए संबंधित विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं, दुर्घटनाओं में दांतों व जबड़े में चोट और जटिल सर्जरी के लिए ओरल सर्जन की सुविधा मिलेगी। दांतों की बत्तीसी बनवाने, दांतों को फिक्स कराने और इम्प्लांट के साथ टेढ़े-मेढ़े दांतों को ठीक करने के लिए भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।

हॉस्पिटल में दांतों और जबड़े की गहराई से जांच के लिए आधुनिक सीबीसीटी (CBCT) मशीन स्थापित की गई है। इसके साथ ही अत्याधुनिक लैब की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरीजों को जांच और उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख करने की जरूरत कम होगी।

निदेशक ने बताया कि डिजिटल तकनीक की मदद से दांतों पर लगाए जाने वाले क्राउन को लगभग एक घंटे में तैयार कर लगाने की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी) के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे उपचार प्रक्रिया को कम समय में पूरा करने में मदद मिलेगी।

हॉस्पिटल का उद्देश्य कोटा सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को दांतों से जुड़ी समस्याओं के लिए एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श, आधुनिक जांच और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।