छबड़ा विधानसभा प्रभारी मंजूर तंवर ने दिया इस्तीफा, टिकट वितरण पर जताई नाराजगी

छबड़ा विधानसभा प्रभारी मंजूर तंवर ने दिया इस्तीफा, टिकट वितरण पर जताई नाराजगी

यतीश व्यास 

कोटा। छबड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी मंजूर तंवर ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष को पत्र भेजकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पंचायतीराज चुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे इस्तीफे का प्रमुख कारण बताया है।

प्रदेशाध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में मंजूर तंवर ने लिखा कि पिछले 19 माह से वे छबड़ा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। इस दौरान उन्होंने पूरी मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि छबड़ा और छीपाबड़ौद पंचायत समितियों में होने जा रहे पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में संगठन के लिए लगातार संघर्ष करने वाले और जनाधार रखने वाले कार्यकर्ताओं की जगह धनाढ्य लोगों के यहां काम करने वालों, नेताओं के रिश्तेदारों और ऐसे निजी व्यक्तियों को प्रत्याशी बनाया गया है, जिनकी संगठन के प्रति कभी आस्था नहीं रही।

तंवर ने कहा कि इस तरह के निर्णयों से संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं में निराशा है। क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी वे इन फैसलों को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में नैतिकता के आधार पर उन्होंने छबड़ा विधानसभा प्रभारी पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।