कोटा: त्योहारी सीजन पर आरपीएफ जवानों को मिलेंगे बॉडी वॉर्न कैमरे और नेकबैंड माइक, 400 जवान और 60 होमगार्ड तैनात, 840 सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और डॉग स्क्वाड से होगी निगरानी

कोटा: त्योहारी सीजन पर आरपीएफ जवानों को मिलेंगे बॉडी वॉर्न कैमरे और नेकबैंड माइक, 400 जवान और 60 होमगार्ड तैनात, 840 सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और डॉग स्क्वाड से होगी निगरानी

यतीश व्यास 


कोटा। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस बार सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए दो नई पहल की गई हैं। इसके तहत आरपीएफ जवानों के लिए 100 बॉडी वॉर्न कैमरे और यात्रियों तक तत्काल सूचना पहुंचाने के लिए 60 नेकबैंड माइक उपलब्ध कराए गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल में 400 आरपीएफ जवानों के साथ राज्य पुलिस के समन्वय से 60 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। कोटा जंक्शन पर प्रत्येक शिफ्ट में 13 आरपीएफ जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर 840 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, इनमें 65 कैमरे कोटा जंक्शन पर लगे हैं। इसके अलावा ड्रोन और चार डॉग स्क्वाड से भी सुरक्षा जांच की जा रही है।

कोटा जंक्शन पर दो बैगेज स्कैनिंग और दो मेटल डिटेक्टर मशीनें लगाई गई हैं। वहीं, 24 ट्रेनों में आरपीएफ जवान नियमित गश्त कर रहे हैं। सादे कपड़ों में भी जवानों को तैनात किया गया है। विशेष सुरक्षा टीमें सक्रिय हैं और कंट्रोल रूम 24 घंटे मंडल के वॉर रूम के साथ समन्वय कर रहा है।

त्योहार के दौरान ट्रेनों में पटाखे, पेट्रोल, केरोसिन और अन्य ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए ‘मेरी सहेली’ टीम सक्रिय है।