कोटा: रंजिश का बदला लेने के लिए की भुवनेश की हत्या, दो गिरफ्तार, जयपुर की फैक्ट्री में काम कर रहे थे आरोपी

कोटा: रंजिश का बदला लेने के लिए की भुवनेश की हत्या, दो गिरफ्तार, जयपुर की फैक्ट्री में काम कर रहे थे आरोपी

यतीश व्यास 

कोटा। अनंतपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में कान्हा मैरिज गार्डन के पीछे 5 अक्टूबर को हुई भुवनेश नागर की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। आरोपी वारदात के बाद फरार होकर जयपुर पहुंच गए थे, जहां वे एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सूर्यवंशी उर्फ बच्चा और सागर मीना के रूप में हुई है।

पुरानी रंजिश में की हत्या-

पुलिस के अनुसार भुवनेश नागर के पिता संजीव नागर ने 5 अक्टूबर को रिपोर्ट दी थी कि करीब सात-आठ महीने पहले भुवनेश और उसके दोस्तों का राहुल उर्फ बच्चा से झगड़ा हुआ था। मार्च में चाकू लगने की घटना के बाद राहुल भुवनेश से रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश के चलते 5 अक्टूबर को भुवनेश पर चाकुओं से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था।