कोटा: उर्स पर 6 जोड़ों का होगा निःशुल्क निकाह, 15 लाख रुपए होंगे खर्च, रात को सजेगी कव्वाली की महफिल

कोटा: उर्स पर 6 जोड़ों का होगा निःशुल्क निकाह, 15 लाख रुपए होंगे खर्च, रात को सजेगी कव्वाली की महफिल

यतीश व्यास 

कोटा। हजरत हाजी जमाले मुस्तकिल शाह वारसी (रह.) के उर्स मुबारक के अवसर पर 28 अक्टूबर को तुलसी रिजॉर्ट, अर्जुनपुरा रोड, बोरखेड़ा में दूसरा निःशुल्क विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में छह जोड़े निकाह के बाद परिणय सूत्र में बंधेंगे। इनमें चार जोड़े कोटा, एक अजमेर और एक ब्यावर का है। सभी जोड़े आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से हैं। आयोजन पर करीब 15 लाख रुपए खर्च होंगे, जिसकी पूरी व्यवस्था आयोजक बेटू वारसी की ओर से की जाएगी।

आयोजक बेटू वारसी ने बताया कि पिछले चार साल से निःशुल्क विवाह सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रहे थे। पिछले वर्ष पहला सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस बार शुरुआत में सर्व समाज का सम्मेलन करने की योजना थी, लेकिन हिंदू समाज में देवउठनी एकादशी से पहले विवाह नहीं होने की परंपरा को देखते हुए इसे एक समाज तक सीमित रखा गया है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में शाम 6 बजे निकाह की रस्म अदा की जाएगी। इसके बाद रात 9 बजे से महफिल-ए-कव्वाली सजेगी, जिसमें कव्वाल सदाकत साबरी और हिफजुरहमान हकीकी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रात 12 बजे नवविवाहित जोड़ों की विदाई की जाएगी।

सम्मेलन में नवविवाहित जोड़ों को नई गृहस्थी बसाने के लिए दुल्हन का जोड़ा, पलंग, फ्रिज, अलमारी, कूलर, सिलाई मशीन, बिछिया, पंखा, मिक्सर, ड्रेसिंग टेबल, गैस चूल्हा, कुर्सी, बर्तन और कपड़ों सहित अन्य आवश्यक सामान भेंट किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और उन्हें गृहस्थी बसाने के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।