कोटा: राज्य पुरस्कार टेस्टिंग के लिए स्काउट-गाइड दल रवाना

कोटा: राज्य पुरस्कार टेस्टिंग के लिए स्काउट-गाइड दल रवाना

यतीश व्यास 

कोटा, 22 सितंबर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण का स्काउट-गाइड दल मंगलवार को राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैंप में भाग लेने के लिए मंडल प्रशिक्षण केंद्र, आलनिया के लिए रवाना हुआ। स्थानीय संघ सचिव एवं जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने दल को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। उन्होंने स्काउट-गाइड भावना के अनुरूप अनुशासन, सेवा, सहयोग और समर्पण के साथ शिविर में भाग लेने तथा नियमों की पूर्ण पालना करने की सीख दी।

जायसवाल ने कहा कि राज्य पुरस्कार टेस्टिंग स्काउट-गाइड के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसमें प्रतिभागियों को स्काउटिंग एवं गाइडिंग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों, कौशलों और निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर अपनी दक्षता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि यूनिट लीडर नीलम पारेता के नेतृत्व में सरोजनी नायडू ओपन गाइड कंपनी तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा की 12 गाइड और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव के 7 स्काउट राज्य पुरस्कार टेस्टिंग कैंप में शामिल होंगे। आलनिया स्थित मंडल प्रशिक्षण केंद्र में 22 से 25 सितंबर तक कैंप आयोजित किया जा रहा है।

जायसवाल ने कहा कि स्काउटिंग-गाइडिंग युवाओं में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। कैंप में प्रतिभागी अपने प्रशिक्षण और सीखी गई गतिविधियों का प्रदर्शन करेंगे।

इस दौरान शिक्षा सहकारी के संचालक मंडल सदस्य दिनेश कुमार मीणा, स्काउट मास्टर मनीष कुमार शर्मा एवं योगिता महावर सहित अन्य उपस्थित रहे।