कांग्रेस हारी नहीं, जानबूझकर हराई गई, टिकट वितरण में मनमानी करने वाले नेता हार की भी जिम्मेदारी लें- मनोज दुबे

कांग्रेस हारी नहीं, जानबूझकर हराई गई, टिकट वितरण में मनमानी करने वाले नेता हार की भी जिम्मेदारी लें- मनोज दुबे

कोटा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की हार के लिए गलत टिकट वितरण को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हारी नहीं, बल्कि उसे जानबूझकर हराया गया है। टिकट वितरण में मनमानी करने वाले कांग्रेस नेताओं को अब हार की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए।

दुबे ने कहा कि पूरे राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल था और भाजपा को अपनी हार का डर दिखाई दे रहा था। इसके बावजूद कोटा में कांग्रेस की हार गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट वितरण में अग्रिम संगठन के जिला अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के टिकट काटे गए और टिकट मिलने के बाद अधिकांश प्रत्याशियों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया। न तो संगठन ने पर्याप्त मदद की और न ही वरिष्ठ नेताओं ने वार्डों में जाकर प्रत्याशियों का साथ दिया।

उन्होंने कहा कि जीत का श्रेय लेने वाले नेताओं को हार की जिम्मेदारी से भी बचना नहीं चाहिए। टिकट वितरण में अपना प्रभुत्व दिखाने वाले नेता अब कांग्रेस की हार पर चुप क्यों हैं, उन्हें अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए।