कोटा: एमबीएस में जटिल ब्रेन एन्यूरिज्म की सफल कॉइलिंग, बिना चीरा लगाए किया महिला का इलाज

कोटा: एमबीएस में जटिल ब्रेन एन्यूरिज्म की सफल कॉइलिंग, बिना चीरा लगाए किया महिला का इलाज

यतीश व्यास 

कोटा। एमबीएस अस्पताल में ब्रेन हेमरेज से पीड़ित 55 वर्षीय महिला के मस्तिष्क की रक्त वाहिका में बने जटिल एन्यूरिज्म का आधुनिक तकनीक से सफल उपचार किया गया। खास बात यह रही कि मरीज का उपचार बिना सिर पर चीरा लगाए रक्त वाहिका के रास्ते एंडोवैस्कुलर कॉइलिंग तकनीक से किया गया।

पंकू देवी परमार को अचानक तेज सिरदर्द और बार-बार उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में मस्तिष्क के आसपास रक्तस्राव के साथ एक प्रमुख रक्त वाहिका में एन्यूरिज्म पाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी टीम ने कॉइलिंग का निर्णय लिया।

न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. एस.एन. गौतम एवं डॉ. बनेश जैन तथा न्यूरोलॉजी टीम के डॉ. दिलीप माहेश्वरी एवं डॉ. सुनीता गोयल ने ऑपरेशन किया। उपचार के दौरान एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. शिल्पी ने किया। मरीज का पूरा उपचार निशुल्क किया गया है।

प्राचार्य डॉ. निलेश कुमार जैन एवं एमबीएस अधीक्षक डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि अस्पताल में इस आधुनिक सुविधा के उपलब्ध होने से कोटा सहित आसपास के क्षेत्रों के ब्रेन एन्यूरिज्म और गंभीर रक्तस्राव के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा तथा बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।