कोटा- उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केईडीएल शुरू करेगा नया कस्टमर केयर सेंटर, हर माह होगी जनसुनवाई और पीएम सूर्यघर योजना की प्रक्रिया होगी आसान

कोटा- उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केईडीएल शुरू करेगा नया कस्टमर केयर सेंटर, हर माह होगी जनसुनवाई और पीएम सूर्यघर योजना की प्रक्रिया होगी आसान

यतीश व्यास 

कोटा 20 मई। शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केईडीएल ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा की है। कम्पनी अब शहर में जनसुनवाई आयोजित करने, नया अत्याधुनिक कस्टमर केयर सेंटर खोलने, एफआरटी टीमों की संख्या बढ़ाने तथा कॉल सेंटर को और मजबूत बनाने जा रही है।

केईडीएल के सीओओ मनीष अरोड़ा ने बताया कि अब प्रत्येक माह दो सब डिवीजनों में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें उपभोक्ता बिजली से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या रख सकेंगे। इसके अलावा हर माह एक उच्च स्तरीय जनसुनवाई भी होगी, जिसमें केईडीएल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान जयपुर डिस्कॉम के प्रतिनिधि अथवा निष्पक्ष नागरिकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई की तिथि और स्थान की जानकारी उपभोक्ताओं को पूर्व में उपलब्ध कराई जाएगी।

उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केईडीएल ने अंटाघर चौराहे के पास राजकीय महाविद्यालय के निकट अत्याधुनिक कस्टमर केयर सेंटर खोलने का निर्णय लिया है। यह सेंटर आगामी एक सितंबर से शुरू किया जाएगा। यहां तकनीकी समस्या, बिलिंग, वोल्टेज, लाइन शिफ्टिंग सहित सभी प्रकार की शिकायतों की सुनवाई होगी। कम्पनी का प्रयास रहेगा कि अधिकतर शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। जिन शिकायतों का मौके पर निराकरण संभव नहीं होगा, उन्हें उच्च स्तर पर भेजकर निर्धारित समय सीमा में समाधान की जानकारी उपभोक्ताओं को दी जाएगी।

पीएम सूर्यघर योजना के लिए प्रक्रिया होगी सरल-

सीओओ मनीष अरोड़ा ने बताया कि पीएम सूर्यघर सोलर योजना के तहत आवेदनों की संख्या में चार गुना तक वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए कम्पनी ने न्यू कनेक्शन काउंटर और सर्वेयर की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है। साथ ही उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन भरने और दस्तावेज अपलोड करने का प्रशिक्षण देने की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि उन्हें बार-बार काउंटर पर नहीं आना पड़े। कम्पनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ दस्तावेजों के सरलीकरण पर भी अध्ययन कर रही है।

नियंत्रण कक्ष से होगी 24 घंटे निगरानी-

भीषण गर्मी के दौरान बिजली लोड को संतुलित रखने और जरूरत पड़ने पर लोड ट्रांसफर करने के लिए नियंत्रण कक्ष से 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। बिजली शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एफआरटी टीमों की निगरानी जीपीएस के माध्यम से की जाएगी।

उपभोक्ताओं की शिकायतें तेजी से दर्ज हो सकें, इसके लिए कॉल सेंटर की लाइनों की संख्या 180 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है। उपभोक्ता 1912, टोल फ्री नंबर 18003301912 तथा 01413532000 पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा सभी एईएन और जेईएन को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं के फोन रिसीव करें और आवश्यक होने पर मौके की स्थिति की पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं।