कोटा: खुद को दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर बताकर शादी का झांसा दिया, दुष्कर्म कर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कोटा: खुद को दिल्ली पुलिस का सब इंस्पेक्टर बताकर शादी का झांसा दिया, दुष्कर्म कर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। नयापुरा थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से जीवनसाथी एप के माध्यम से युवती से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धोखाधड़ी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि विशेष अभियान के तहत गठित टीम ने उत्तराखंड के उधमसिंह नगर निवासी रितिक कम्बोज को गिरफ्तार किया। आरोपी ने स्वयं को दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से सब इंस्पेक्टर बताकर युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है कि मेडिकल प्रक्रिया के नाम पर आरोपी ने युवती से करीब 10 लाख रुपये, 15 तोला सोने के आभूषण तथा उसके नाम पर एक स्विफ्ट कार भी हासिल कर ली। मामले में नयापुरा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच की गई, जिसमें आरोपी के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए गए। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।