कोटा: पटाखों की गूंज के बीच सायरन बजाती दौड़ती रहीं दमकल की गाड़ियाँ, 48 घंटे में 62 जगह लगी आग, 125 फायर फाइटर्स ने संभाला मोर्चा

कोटा: पटाखों की गूंज के बीच सायरन बजाती दौड़ती रहीं दमकल की गाड़ियाँ, 48 घंटे में 62 जगह लगी आग, 125 फायर फाइटर्स ने संभाला मोर्चा

यतीश व्यास 

कोटा। दीपावली के दौरान कोटा शहर में आगजनी की घटनाओं ने अग्निशमन विभाग की मुस्तैदी की कड़ी परीक्षा ली। 8 और 9 नवंबर को 48 घंटों के दौरान शहर में 62 स्थानों पर अग्निदुर्घटनाएं हुईं। नगर निगम के अग्निशमन विभाग की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घटनाओं पर काबू पाया। इन घटनाओं में न तो कोई जनहानि हुई और न ही कोई व्यक्ति घायल हुआ।

दीपावली के दिन दोपहर से ही आगजनी की घटनाएं शुरू हो गई थीं। इनमें कैथूनीपोल स्थित फर्नीचर मार्केट में आग, श्रीनाथपुरम की एलेन्जा बिल्डिंग के गोदाम में आग, बालिता के बाड़े में आग, 80 फीट रोड स्थित कॉमर्शियल बिल्डिंग, बोरखेड़ा के मकान, कोटड़ी चौराहे की ऑटो पार्ट्स दुकान, रेतिया चौकी स्थित शराब के गोदाम तथा नयापुरा के इस्माइल चौक में आगजनी की घटनाएं प्रमुख रहीं। इसके अलावा पार्कों, झाड़ियों, बाड़ों, फ्लैटों की बालकनियों और कचरे में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

चीफ फायर ऑफिसर राकेश व्यास के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभाला। आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों के साथ फायर बाइक, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म लैडर और जेसीबी की मदद ली गई। करीब 125 फायर फाइटर्स घटनास्थलों पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे।