कोटा: कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर असंतोष, बलविंदर सिंह बिल्लू, धर्मा गौचर और राजू पहाड़िया ने दिया इस्तीफा

कोटा: कांग्रेस की नई कार्यकारिणी पर असंतोष, बलविंदर सिंह बिल्लू, धर्मा गौचर और राजू पहाड़िया ने दिया इस्तीफा

यतीश व्यास 


कोटा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित होने के तीसरे दिन ही असंतोष खुलकर सामने आ गया। महासचिव बनाए गए बलविंदर सिंह बिल्लू तथा सचिव बनाए गए धर्मा गौचर और राजू पहाड़िया ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को भेज दिया है।

तीनों नेताओं ने अपने इस्तीफे में कहा है कि वे लंबे समय से संगठन में निष्ठापूर्वक कार्य करते रहे हैं, लेकिन नई कार्यकारिणी में उन्हें पूर्व की तुलना में कम जिम्मेदारी देकर पदावनति की गई है, जो उनके आत्मसम्मान के विपरीत है। उनका कहना है कि उन्होंने कभी पद की इच्छा नहीं रखी, फिर भी संगठन के इस निर्णय से वे स्वयं को असहज महसूस कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस के सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम करते रहने की बात भी कही है।

नई कार्यकारिणी को लेकर संगठन के भीतर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का एक वर्ग सक्रिय और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा तथा कुछ नए चेहरों को प्रमुख जिम्मेदारियां दिए जाने पर नाराजगी जता रहा है। इससे पहले भी कार्यकारिणी घोषित होने के पहले दिन सचिव मन्नू मेघवाल ने इस्तीफा दे दिया था। लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने शहर कांग्रेस की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।