पत्थर की ढुलाई बंद कर श्रमिकों ने जताया विरोध, कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन की चेतावनी

पत्थर की ढुलाई बंद कर श्रमिकों ने जताया विरोध, कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन की चेतावनी

यतीश व्यास 

डाबी (बूंदी)। डाबी-बरड़ क्षेत्र में सेंड स्टोन खानों के वेस्ट डम्प से दाबड़ी पत्थर की ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों और श्रमिकों ने बुधवार को एक दिवसीय लदान एवं परिवहन कार्य बंद रखकर विरोध जताया। करौंदी गांव स्थित बालाजी मंदिर परिसर में भाजपा नेता रुपेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिक और ट्रैक्टर चालक शामिल हुए।

बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दाबड़ी पत्थर के परिवहन के दौरान पुलिस कार्रवाई से गरीब श्रमिकों और वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना था कि वाहन जब्त होने और प्रकरण दर्ज होने से लंबे समय तक काम प्रभावित रहता है, जिससे परिवार का भरण-पोषण और आर्थिक जिम्मेदारियां निभाना कठिन हो जाता है।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता रुपेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के अनेक परिवार वर्षों से इस कार्य से अपनी आजीविका चला रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, वन एवं खनिज विभाग से श्रमिकों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों और ट्रैक्टर चालकों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।