कोटा: ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा अब ‘प्रीकास्ट’ घेरे में, शहर की खूबसूरती भी निखरेगी, केईडीएल ने शुरू की आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग, पहले चरण में 100 स्थान चिन्हित, गुमानपुरा से हुई शुरुआत

कोटा: ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा अब ‘प्रीकास्ट’ घेरे में, शहर की खूबसूरती भी निखरेगी, केईडीएल ने शुरू की आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग, पहले चरण में 100 स्थान चिन्हित, गुमानपुरा से हुई शुरुआत

यतीश व्यास 

कोटा। शहर में विद्युत सुरक्षा के साथ सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए कोटा इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (केईडीएल) ने नई पहल की है। मुख्य मार्गों और अधिक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्रांसफार्मरों को अब पारंपरिक लोहे की जाली के बजाय आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग से घेरा जाएगा। पहले चरण में शहर में करीब 100 ऐसे स्थान चिन्हित किए गए हैं, जहां ट्रांसफार्मरों के आसपास प्रीकास्ट फेंसिंग लगाई जाएगी। इसकी शुरुआत गुमानपुरा क्षेत्र से कर दी गई है।

केईडीएल के टेक्निकल हैड वेंकटेशन कोडी ने बताया कि आमजन को विद्युत हादसों से सुरक्षित रखना केईडीएल की प्राथमिकता है। वहीं कोटा के स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होने के साथ शहर की खूबसूरती बनाए रखना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से सीमेंट और कंक्रीट से तैयार आकर्षक प्रीकास्ट स्लैब को ट्रांसफार्मरों के चारों ओर व्यवस्थित तरीके से लगाया जा रहा है। इससे विद्युत उपकरण सुरक्षित रहने के साथ सड़क किनारे ट्रांसफार्मरों का स्वरूप भी बेहतर दिखाई देगा।

केईडीएल के सुरक्षा अधिकारी अंशुल चौरसिया ने बताया कि विद्युत सुरक्षा के लिहाज से प्रीकास्ट फेंसिंग लोहे की जाली की तुलना में अधिक सुरक्षित है। प्रीकास्ट फेंसिंग ट्रांसफार्मर और पैनल बॉक्स को चारों तरफ से बेहतर तरीके से कवर करती है। सीमेंट और कंक्रीट विद्युत के कुचालक होने के कारण इनमें करंट प्रवाहित होने का खतरा भी नहीं रहता।

अधिकारी के अनुसार लोहे की जाली को काटकर चोरी करने की घटनाएं सामने आती रही हैं। जाली हटने के बाद ट्रांसफार्मर खुला रह जाता है और आमजन के लिए विद्युत सुरक्षा का खतरा बढ़ जाता है। प्रीकास्ट फेंसिंग के इस्तेमाल से लोहे की जाली चोरी होने की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।

केईडीएल की इस पहल से एक ओर जहां ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप भी अधिक व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएगा।