कोटा: 2.29 लाख का कर्ज चुकाने के बजाय रची हत्या की साजिश, पति-पत्नी समेत सुपारी किलर गिरफ्तार

कोटा: 2.29 लाख का कर्ज चुकाने के बजाय रची हत्या की साजिश, पति-पत्नी समेत सुपारी किलर गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने 50 हजार रुपए की सुपारी देकर एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रचने के मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पेन ड्राइव भी बरामद की है।

भीमगंजमंडी थानाधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि फरियादी मनोज सक्सेना ने 7 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उसके परिचित आशीष सिंह राठौड़ ने करीब सवा साल पहले शादी और बच्चों के इलाज के लिए उससे 2.29 लाख रुपए उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी और उसकी पत्नी शैवाली सिंह तथा आशीष उर्फ चवन्नी की ओर से उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।

फरियादी ने पुलिस को बताया कि शैवाली सिंह ने कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति के आशीष उर्फ चवन्नी को उसकी हत्या के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी। इसके संबंध में एक ऑडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई।

मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आशीष सिंह राठौड़ उर्फ आशू (35), आशीष उर्फ चवन्नी (35) और शैवाली सिंह (31) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार चवन्नी थाना रेलवे कॉलोनी और भीमगंजमंडी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है।