3 जुलाई से होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन, शिव शक्ति सेवा मंडल बालटाल में करेगा निःशुल्क भंडारे का आयोजन, हाड़ौती से उमड़ेगा आस्था का सैलाब

3 जुलाई से होंगे बाबा बर्फानी के दर्शन, शिव शक्ति सेवा मंडल बालटाल में करेगा निःशुल्क भंडारे का आयोजन, हाड़ौती से उमड़ेगा आस्था का सैलाब

यतीश व्यास 

कोटा, 12 अप्रैल। बाबा बर्फानी के दर्शन का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। हाड़ौती संभाग में यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 1 जुलाई को तालेड़ा से 160 और रावतभाटा से 125 श्रद्धालुओं का पहला जत्था रवाना होगा।

हर साल की तरह इस बार भी शिव शक्ति सेवा मंडल द्वारा बालटाल में निशुल्क भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहां हजारों यात्रियों के लिए भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, ये दस्तावेज जरूरी-

यात्रा के लिए पंजीयन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी। कोटा में दादाबाड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक और छावनी स्थित एसबीआई बैंक में रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। इसके लिए मेडिकल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और दो फोटो अनिवार्य होंगे। इस बार रजिस्ट्रेशन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर होगा और प्रतिदिन सीमित यात्रियों को ही अनुमति मिलेगी।

हाड़ौती से 10 हजार श्रद्धालुओं के जाने की संभावना-

सेवा मंडल के अनुसार इस बार हाड़ौती से करीब 10 हजार श्रद्धालु यात्रा में शामिल हो सकते हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरएफडी आईडी कार्ड बनाए जाएंगे, जिससे उनकी लोकेशन ट्रैक कर जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाई जा सकेगी।

सड़क और रेल से आसान हुआ सफर-

पहले कटरा से श्रीनगर तक का सफर करीब 10 घंटे का होता था, लेकिन अब रेल सुविधा के चलते यह दूरी लगभग 6 घंटे में पूरी हो रही है। यात्रा को आसान बनाने के लिए चंदनबाड़ी से आगे नए शॉर्टकट मार्ग तैयार किए गए हैं। पैदल और खच्चर मार्ग अलग-अलग बनाए गए हैं।

हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रहेगी—

पहलगाम से 4200 रुपये और बालटाल से 4500 रुपये किराया तय किया गया है।

रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाने की मांग-

हाड़ौती में सीमित रजिस्ट्रेशन सुविधा को लेकर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में तालेड़ा, रामगंजमंडी और बारां में भी काउंटर बढ़ाने की मांग उठाई गई है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा में शामिल हो सकें।