कोटा: एमबीबीएस छात्रों का सम्मान, टॉपर्स को छात्रवृत्ति से किया प्रोत्साहित

कोटा: एमबीबीएस छात्रों का सम्मान, टॉपर्स को छात्रवृत्ति से किया प्रोत्साहित

यतीश व्यास 

कोटा। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस बैच 2024 के मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

यह छात्रवृत्ति गायनेकोलॉजिस्ट स्वर्गीय डॉ. चन्द्रकुमारी सक्सेना की पुण्यतिथि के अवसर पर दी गई। उनकी स्मृति में उनकी बहन सुशी सुशील कुमारी सक्सेना द्वारा महाविद्यालय को पांच लाख रुपये की राशि दान की गई थी जिसके ब्याज से हर वर्ष मेधावी छात्रों को यह सम्मान प्रदान किया जाता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. निलेश कुमार जैन ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा ज्योति सिंह देसवाल को 12 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रही साक्षी छिपा को 11 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली पायल कुमारी मीणा को 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मान से छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। समारोह में अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. दिनेश वर्मा सहित डॉ. कल्पना मोदी, डॉ. सौरभ शर्मा और डॉ. राहुल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। यह जानकारी न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष एवं मेडिकल कॉलेज मीडिया प्रवक्ता डॉ. एस.एन. गौतम ने दी।