कोटा: पर्यटन लेखन के लिए डॉ. प्रभात सिंघल का अभिनंदन

कोटा: पर्यटन लेखन के लिए डॉ. प्रभात सिंघल का अभिनंदन

यतीश व्यास 

कोटा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कोटा में आयोजित संभागीय सम्मेलन में देश के जाने-माने पर्यटन लेखक डॉ. प्रभात कुमार सिंघल को कला, संस्कृति, पर्यटन एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। गांधीनगर की पंजीकृत संस्था समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत की ओर से संस्थापक एवं संयोजक डॉ. मुकेश कुमार व्यास ‘स्नेहिल’, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शशि जैन एवं अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें अभिनंदन पत्र प्रदान किया।

साहित्यकार रेणु सिंह राधे ने सम्मान पत्र का वाचन करते हुए डॉ. सिंघल के पर्यटन लेखन एवं साहित्यिक योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि डॉ. सिंघल ने भारत के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

डॉ. सिंघल ने इतिहास में पीएचडी तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। राजस्थान सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में संयुक्त निदेशक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वे निरंतर लेखन एवं पत्रकारिता में सक्रिय हैं। अब तक वे इतिहास, पुरातत्व, कला, संस्कृति, पर्यटन एवं साहित्य पर 61 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। उनकी पर्यटन विषयक पुस्तकों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रकाशन एवं वितरण हुआ है।

इस अवसर पर हाड़ौती के बड़ी संख्या में साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।