कोटा: पीएम मोदी की पुंगनूर गाय वाली तस्वीर से जागी मां की इच्छा कहा ‘काश ऐसी गाय मेरे पास होती’, बेटे ने तय किया सैकड़ों किलोमीटर का सफर, आंध्रप्रदेश से लाकर भेंट की दुर्लभ पुंगनूर गाय

कोटा: पीएम मोदी की पुंगनूर गाय वाली तस्वीर से जागी मां की इच्छा कहा ‘काश ऐसी गाय मेरे पास होती’, बेटे ने तय किया सैकड़ों किलोमीटर का सफर, आंध्रप्रदेश से लाकर भेंट की दुर्लभ पुंगनूर गाय

यतीश व्यास 

कोटा। स्वतंत्रता दिवस इस बार राष्ट्रपति के पुलिस शौर्य पदक से सम्मानित शहीद डिप्टी कमांडेंट सुभाष शर्मा की वीरांगना बबीता शर्मा के लिए यादगार बन गया। 15 अगस्त को उनका जन्मदिन था और इसी दिन उनके बेटे मेजर क्षितिज की रोका सेरेमनी भी थी। इस खास मौके पर मेजर क्षितिज ने अपनी मां को ऐसा उपहार दिया, जिसने भावनाओं के साथ मां-बेटे के रिश्ते को भी खास बना दिया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के चित्तूर से दुर्लभ पुंगनूर गाय की बछिया और उसकी मां लाकर बबीता शर्मा को भेंट की।

बबीता शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर पुंगनूर गाय की तस्वीर साझा करते हुए इसे दुर्लभ और अनमोल सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता जताई थी। तभी उन्होंने अपने बेटे मेजर क्षितिज से कहा था कि पुंगनूर गाय कितनी सुंदर, प्यारी और छोटी होती है। उन्होंने इच्छा जताई थी कि काश ऐसी गाय उनके पास भी होती, लेकिन इसके आंध्र प्रदेश के चित्तूर में होने के कारण उन्हें लगा कि इसे वहां से लाना लगभग असंभव होगा।

मां की इसी छोटी-सी इच्छा को बेटे ने अपने लिए संकल्प बना लिया। मेजर क्षितिज ने चित्तूर से लाखों रुपये मूल्य की दुर्लभ पुंगनूर गाय और उसकी बछिया की व्यवस्था कर उन्हें कोटा लाया और स्वतंत्रता दिवस पर अपनी मां को उपहार स्वरूप भेंट किया।

बबीता शर्मा ने कहा कि एक फौजी का अपनी मां के प्रति समर्पण कितना गहरा होता है, यह इस उपहार से समझा जा सकता है। भारत माता, गौ माता और जन्मदात्री माता के प्रति प्रेम को उन्होंने अपने बेटे के इस भाव से जोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के तिरंगे की छांव में मिला यह उपहार उनके लिए केवल एक गाय नहीं, बल्कि बेटे के प्रेम, सम्मान और मां की इच्छा पूरी करने के संकल्प की अनमोल निशानी बन गया।