कोटा: पुण्योदय नसियां जी में सजेगा धर्म और अध्यात्म का दिव्य दरबार, मुनि योगसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में 9 अगस्त को वर्षायोग कलश स्थापना महामहोत्सव

कोटा: पुण्योदय नसियां जी में सजेगा धर्म और अध्यात्म का दिव्य दरबार, मुनि योगसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में 9 अगस्त को वर्षायोग कलश स्थापना महामहोत्सव

यतीश व्यास 

कोटा। दादाबाड़ी स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी में 9 अगस्त को प्रातः 8 बजे वर्षायोग कलश स्थापना महामहोत्सव आयोजित होगा। आचार्य विद्या सागर जी महाराज के शिष्य निर्यापक श्रमण मुनि योगसागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर सकल दिगम्बर जैन समाज में उत्साह का माहौल है।

चातुर्मास कमेटी के मुख्य संयोजक हुकम जैन काका ने बताया कि जैन परंपरा में चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम, साधना, स्वाध्याय और धर्माराधना का पावन पर्व है। कलश स्थापना के साथ इस आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण से होगी। इसके बाद चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, आचार्यश्री की संगीतमय पूजन-अर्चना, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट और मुनिश्री के मंगल प्रवचन होंगे। धार्मिक कलशों की बोलियां एवं घोषणा भी की जाएगी।

तीन रजतमय कलश रहेंगे आकर्षण का केंद्र-

महामहोत्सव में अमृत सिद्धि, सर्वार्थ सिद्धि एवं ऋद्धि-सिद्धि के रजतमय कलश विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा ज्ञानाराधना, दर्शनाराधना, चारित्राराधना, तपाराधना, सम्यग्दर्शन भक्ति, सम्यग्ज्ञान भक्ति एवं सम्यक्चारित्र भक्ति कलश भी होंगे।

आयोजन में कोटा सहित देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर कमेटी एवं चातुर्मास समिति की ओर से आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संत सान्निध्य में होने वाला यह वर्षायोग नसियां जी को आगामी दिनों में धर्म, साधना और आत्मचिंतन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।