रनिंग स्टाफ की समस्याओं पर जबलपुर में जोनल सेफ्टी कॉन्फ्रेंस आयोजित

रनिंग स्टाफ की समस्याओं पर जबलपुर में जोनल सेफ्टी कॉन्फ्रेंस आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा, 17 सितम्बर। पश्चिम मध्य रेलवे के रनिंग संवर्ग कर्मचारियों की संरक्षा एवं ड्यूटी से जुड़ी समस्याओं के निराकरण को लेकर वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ की ओर से जबलपुर में जोनल सेफ्टी कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। सम्मेलन में कोटा, भोपाल और जबलपुर मंडल के लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर शामिल हुए।

मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि सम्मेलन में रनिंग स्टाफ की कमी, 10 से 12 घंटे से अधिक ड्यूटी, विश्राम एवं पीरियोडिकल रेस्ट, लंबित पदोन्नति, क्रू लिंक और रनिंग रूम में भोजन व विश्राम की सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। उन्होंने कोटा मंडल में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग भी महाप्रबंधक के समक्ष रखी।

महाप्रबंधक दिलीप कुमार ने पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति शीघ्र करने तथा रनिंग रूम में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी हावर्स और क्रू लिंक में भी आवश्यक सुधार के प्रयास करने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के जोनल अध्यक्ष सी.एम. उपाध्याय ने की, जबकि जोनल महामंत्री अशोक शर्मा मुख्य वक्ता रहे। कोटा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची, चेतन शर्मा, रविन्द्र शर्मा, भवानी सिंह गुर्जर, शेर सिंह मीना, वीरेन्द्र कुमार मीना, फरियाद खान, सतीश प्रजापत, नीरज यादव और रामप्रसाद मीना सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।