कोटा: वनों के संरक्षण का संदेश, स्काउट-गाइड की जागरूकता रैली, पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ के गूंजे नारे

कोटा: वनों के संरक्षण का संदेश, स्काउट-गाइड की जागरूकता रैली, पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ के गूंजे नारे

यतीश व्यास 


कोटा। विश्व वानिकी सप्ताह के तहत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से नई पीढ़ी को वनों के महत्व और प्रकृति संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।

रैली का शुभारंभ स्काउट-गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल तथा पूर्व प्रभारी सहायक जिला कमिश्नर स्काउट राधेश्याम पारेता ने हरी झंडी दिखाकर किया। 

इस दौरान स्काउट्स और गाइड्स ने पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ और वन हैं तो हम हैं जैसे नारों के साथ आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। प्रकाश जायसवाल ने बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र पर चिंता जताते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

अभियान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल केशवपुरा, नयागांव, रोझड़ी और आंवली के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके साथ ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम, सरोजिनी नायडू ओपन गाइड कंपनी तथा चंद्रशेखर आजाद स्वतंत्र स्काउट क्रू व ट्रूप के स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर और कब-बुलबुल ने भी सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में मनराज गुर्जर, अंतिमा मेहरा, भारती महावर, नीलम पारेता, योगिता महावर, जिया मेघवाल, संदेश गुप्ता, शालिनी सरदार, गीत जांगिड़, पायल प्रजापति, लखन प्रजापति, तनु वैष्णव, अनामिका वर्मा और प्रिंस यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक व स्वयंसेवक मौजूद रहे