ललित किशोर चतुर्वेदी की 95वीं जयंती पर वृक्षारोपण, फल वितरण व श्रद्धांजलि सभा आयोजित

ललित किशोर चतुर्वेदी की 95वीं जयंती पर वृक्षारोपण, फल वितरण व श्रद्धांजलि सभा आयोजित

यतीश व्यास 

कोटा। निर्धन रोगी उपचार प्रकल्प की ओर से प्रेरणास्रोत, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्वर्गीय प्रो. ललित किशोर चतुर्वेदी की 95वीं जयंती पर रविवार को सेवा एवं स्मरण के विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत चंबल रेस्ट हाउस, किशोरपुरा में एक दर्जन से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधों के रोपण से हुई। इसके बाद एमबीएस अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। शाम को कैथूनीपोल स्थित सोरल भवन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने स्व. चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सभा में वक्ताओं ने स्व. ललित किशोर चतुर्वेदी को राजस्थान का विकास पुरुष, गरीबों का मसीहा तथा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला जननेता बताया। उन्होंने कहा कि प्रथम पंक्ति से लेकर अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में शिक्षाविद अशोक शुक्ला, कैलाश औदीच्य, राकेश धीरिया, गिरीश शर्मा, दाऊ दयाल शर्मा, रविंद्र शर्मा, राणा मुजाहिद, राजेश भाटिया, प्रफुल्ल सोरल, संजय सुमन, लक्की सोनी, हेमराज कुमावत, ललित सैनी, अनंत दाधीच, राजेंद्र दाधीच, त्रिलोक शर्मा, हनीफ भाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संयोजन निर्धन रोगी उपचार प्रकल्प के संयोजक पंडित अनिल औदीच्य ने किया।