कोटा: 2625वां महावीर जन्म कल्याणक 30 मार्च को- 108 तोरणद्वार, भव्य रथ और झांकियां, महावीर जयंती पर दिखेगा आस्था का विराट रूप

कोटा: 2625वां महावीर जन्म कल्याणक 30 मार्च को- 108 तोरणद्वार, भव्य रथ और झांकियां, महावीर जयंती पर दिखेगा आस्था का विराट रूप

यतीश व्यास 


कोटा। भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव 29-30 मार्च को मनाया जाएगा। सकल जैन समाज समिति के तत्वावधान में दिगम्बर व श्वेताम्बर समाज संयुक्त रूप से आयोजन करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत 29 मार्च सुबह 7:30 बजे महावीर नगर प्रथम स्थित दिगम्बर जैन लाल मंदिर से अहिंसा पदयात्रा के साथ होगी। यात्रा ओपेरा हॉस्पिटल रोड, तलवंडी, जवाहर नगर होते हुए दादाबाड़ी पहुंचेगी। मार्ग में 108 तोरणद्वार व रंगोली सजाई जाएगी। शाम 7:30 बजे दशहरा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं 29-30 मार्च को जैन यूथ फेयर का भी आयोजन किया जाएगा। 30 मार्च को प्रातः 6:30 बजे सभी जैन मंदिरों में अभिषेक व पूजन होगा। इसके बाद रामपुरा से भव्य शोभायात्रा निकलेगी जो प्रमुख मार्गों से होती हुई दशहरा मैदान पहुंचेगी। शोभायात्रा में रथ, झांकियां, ध्वज व भगवान महावीर के संदेशों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। दशहरा मैदान में मुख्य समारोह में मंत्री, विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में समाज की पांच विभूतियों का सम्मान, प्रवचन, कलशाभिषेक व सामूहिक भोजन होगा। महोत्सव के तहत रक्तदान शिविर, दिव्यांगों को सहायता उपकरण वितरण, पक्षियों के लिए परिंडे व घोंसले वितरण जैसे जीवदया कार्य किए जाएंगे।

पालना झूलेंगे महावीरा-

शाम 7 बजे प्रज्ञालोक भवन में मेरे महावीर झूले पालना कार्यक्रम होगा, जिसमें छोटे बच्चों को महावीर के बाल रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।