कोटा मंडल में इंजीनियरिंग कर्मचारियों का प्रदर्शन: 30 मांगों का ज्ञापन सौंपा, 14 अप्रैल से भूख हड़ताल की चेतावनी

कोटा मंडल में इंजीनियरिंग कर्मचारियों का प्रदर्शन: 30 मांगों का ज्ञापन सौंपा, 14 अप्रैल से भूख हड़ताल की चेतावनी

यतीश व्यास 


कोटा। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के बैनर तले कोटा मंडल में इंजीनियरिंग विभाग से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर बुधवार को सभी सहायक मंडल इंजीनियर कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। कर्मचारियों ने 30 मांगों का ज्ञापन सौंपा और मांगें नहीं माने जाने पर 14 अप्रैल से भूख हड़ताल की चेतावनी दी।

संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। इन मुद्दों को कई बार प्रशासन के सामने उठाया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में मंडल के सभी सहायक मंडल इंजीनियर कार्यालयों पर एक साथ प्रदर्शन किया गया।

कोटा स्टेशन स्थित सहायक मंडल इंजीनियर (मध्य) कार्यालय के बाहर सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची ने किया जबकि संचालन केके गौतम और भूपेंद्र धाकड़ ने किया। इस दौरान इंजीनियरिंग विभाग की 30 समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

सहायक मंडल सचिव चेतन शर्मा ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर्स की समस्याओं को कई बार बैठकों और पत्राचार के माध्यम से उठाया गया लेकिन प्रशासन केवल आश्वासन देता रहा है। 

मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह खींची ने कहा कि ट्रैक मेंटेनर्स और अन्य कर्मचारियों की पदोन्नति समय पर नहीं हो रही है। कुछ कर्मचारियों को कार्यालय में लगाकर लाभ पहुंचाया जा रहा है, जिससे फील्ड में काम करने वालों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इसके अलावा एमएसीपी का लाभ भी समय पर नहीं दिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ 14 अप्रैल से भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन शुरू करेगा।