कोटा पुलिस में 47 नए कॉन्स्टेबल का रिव्यू चयन, 2 अप्रैल से शुरू होंगी नियुक्ति प्रक्रिया

यतीश व्यास


कोटा। जिला कोटा शहर में कॉन्स्टेबल (सामान्य ड्यूटी, नॉन टीएसपी) भर्ती 2025 के तहत रिक्त रह गए पदों पर रिव्यू चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पहले जारी चयन सूची में से 47 पद अभ्यर्थियों के अनिच्छुक रहने, अन्य नौकरी मिलने या अन्य कारणों से खाली रह गए थे, जिन्हें अब रिव्यू के जरिए भर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय जयपुर की ओर से जारी भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 287 पदों (5 खेल कोटा सहित) के लिए विज्ञप्ति जारी हुई थी। लिखित परीक्षा 13 और 14 अगस्त 2025 को आयोजित हुई, जिसमें सफल 1435 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता व मापतौल परीक्षा 8 से 10 दिसंबर 2025 तक महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा में कराई गई थी। इसके बाद 283 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था।

रिव्यू बोर्ड ने भरे खाली पद-


रिक्त 47 पदों को भरने के लिए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड) के निर्देश पर रिव्यू चयन बोर्ड का गठन किया गया। 19 मार्च 2026 को आयोजित बैठक में रिव्यू सूची तैयार की गई जिसे 24 मार्च 2026 को मंजूरी दे दी गई।

वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर सूची जारी-

नव चयनित 47 अभ्यर्थियों की सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और रिजर्व पुलिस लाइन कोटा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी त्रुटि की स्थिति में कार्यालय की सूचना को ही अधिकृत माना जाएगा।

2 अप्रैल से दस्तावेज सत्यापन व मेडिकल-

नव चयनित अभ्यर्थियों को 2 अप्रैल 2026 से सुबह 8 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोटा में उपस्थित होना होगा। यहां बायोमेट्रिक सत्यापन, मेडिकल जांच और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।

ये दस्तावेज लाना अनिवार्य-

अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, स्वप्रमाणित प्रतियां, 8 पासपोर्ट साइज फोटो, आय प्रमाण पत्र (2024-25), शैक्षणिक, जाति, मूल निवास, चरित्र प्रमाण पत्र, फोटो आईडी, एनसीसी/होमगार्ड/डिप्लोमा प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। साथ ही विवाह, संतान, दहेज, आपराधिक रिकॉर्ड आदि से संबंधित शपथ पत्र भी अनिवार्य होंगे।

भत्ता नहीं मिलेगा, तैयारी के साथ आएं-

अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या मानदेय नहीं दिया जाएगा। मेडिकल परीक्षण पूरा होने तक रुकने की तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए गए हैं।