कोटा: 10 साल से फरार वारंटी पुणे से गिरफ्तार, फैक्ट्रियों में मजदूर बनकर अपनी पहचान छिपाता रहा आरोपी

कोटा: 10 साल से फरार वारंटी पुणे से गिरफ्तार, फैक्ट्रियों में मजदूर बनकर अपनी पहचान छिपाता रहा आरोपी

यतीश व्यास 

कोटा, 16 अप्रेल। भगोड़े अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी वैभव गुरुप्रसाद नाईक को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना मकबरा के थानाधिकारी लाईक अहमद के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रेस किया।

पुलिस के अनुसार, वैभव नाईक के खिलाफ वर्ष 2015 में आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने घर नहीं गया और लगातार शहर बदलता रहा। वह अलग-अलग शहरों में फैक्ट्रियों में मजदूर बनकर अपनी पहचान छिपाता रहा।