कोटा: प्रवेशोत्सव में शिक्षा सहकारी निभाएगी अग्रणी भूमिका, 8 से ब्लॉक स्तर पर शुरू होगा अभियान

यतीश व्यास 

कोटा, 7 अप्रैल। शिक्षा विभाग कर्मचारी सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां की संचालक मंडल बैठक में आगामी प्रवेशोत्सव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष प्रवेशोत्सव अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा सहकारी, राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के सहयोग से सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभाएगी।

संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालयों से जोड़ना मुख्य उद्देश्य रहेगा। उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि नए विद्यार्थियों का स्वागत विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों को जोड़कर समन्वित अभियान चलाया जाएगा।

अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां, घर-घर संपर्क और प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। मंत्री जमनालाल गुर्जर और डायरेक्टर गायत्री मीणा ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मूल अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्लॉक स्तरीय प्रवेशोत्सव अभियान 8 अप्रैल से शुरू होगा। 8 अप्रैल को रामगंजमंडी, 9 अप्रैल को सुल्तानपुर ब्लॉक के बंबोरी और 10 अप्रैल को कोटा शहर ब्लॉक के नयागांव स्कूल में कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति भी की गई है।

बैठक में प्रबंध संचालक राज मल मीणा, डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा, दिनेश कुमार मीणा, रवि प्रकाश गौतम, अनुराधा शर्मा, शिवराज गोचर, दिनेश कुमार नागर और धर्मेंद्र मेघवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।