कोटा: घंटी बजाकर करते थे कन्फर्म, फिर मिनटों में साफ कर देते थे घर, दो शातिर चोर चढ़े पुलिस के हत्थे

कोटा: घंटी बजाकर करते थे कन्फर्म, फिर मिनटों में साफ कर देते थे घर, दो शातिर चोर चढ़े पुलिस के हत्थे

यतीश व्यास 


कोटा। कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे लग्जरी लाइफ जीने व शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 1 अप्रैल को कुन्हाड़ी इलाके में बंद मकान में चोरी की घटना के बाद चोरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 4 अप्रैल को केशोरायपाटन रोड से आरोपी इकबाल उर्फ छत्तीस और चेतन मीणा को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार फरियादी पुखराज केवट ने रिपोर्ट दी थी कि 1 अप्रैल को वह काम पर गया था और शाम को लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। घर से 80 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।

पूछताछ में आरोपियों ने कोटा सहित अजमेर और बारां जिलों में नकबजनी की कई वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पॉश कॉलोनियों में सेल्समैन या सर्वे करने वाले बनकर रेकी करते थे और केवल उन्हीं घरों को निशाना बनाते थे, जहां ताले लगे होते थे। वारदात से पहले घर की घंटी बजाकर सुनिश्चित करते थे कि कोई अंदर नहीं है और फिर मौके का फायदा उठाकर चोरी करते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।