कोटा: मॉर्निंग वॉक पर महिलाओं को बनाते थे निशाना, पुलिस ने चेन स्नेचिंग गैंग को शराब तस्करी में दबोचा

कोटा: मॉर्निंग वॉक पर महिलाओं को बनाते थे निशाना, पुलिस ने चेन स्नेचिंग गैंग को शराब तस्करी में दबोचा

यतीश व्यास

कोटा। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातों से दहशत फैलाने वाले बदमाश आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। कैथून थाना पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

ग्रामीण एसपी सुजित शंकर के अनुसार, 4 अप्रैल की रात को ताथेड़ क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक अवैध शराब की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने ताथेड़ पुलिया के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया, जबकि तीसरा भाग निकला। पकड़े गए आरोपियों के पास से 144 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल मीणा निवासी झालीपुरा कैथून और कन्हैया लाल उर्फ कन्नू सुमन निवासी इन्द्रगढ़ हाल झालीपुरा के रूप में हुई है। फरार आरोपी पीरू भील की तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपियों ने बड़ा खुलासा करते हुए 3 अप्रैल को महावीर नगर थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन स्नेचिंग का प्रयास करना स्वीकार किया। साथ ही शहर में पहले हुई एक अन्य चेन स्नेचिंग वारदात में भी शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुबह के समय अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे और तेज रफ्तार बाइक से गलियों के रास्ते फरार हो जाते थे। शहर पुलिस भी इनकी तलाश में लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और संभावना है कि उनसे और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।