कोटा ग्रामीण पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 1200 किलो से अधिक 33 केवी और 11 केवी तार बरामद

कोटा ग्रामीण पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार, 1200 किलो से अधिक 33 केवी और 11 केवी तार बरामद

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने विद्युत विभाग और किसानों के लिए परेशानी का कारण बने बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों और कबाड़ियों के कब्जे से 1200 किलोग्राम से अधिक 33 केवी एवं 11 केवी विद्युत तार बरामद किए हैं। वारदातों में इस्तेमाल एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने पिछले छह माह में कोटा ग्रामीण और बारां जिले में 100 से अधिक वारदातों को अंजाम दिया था।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में चोरी निरोधक सेल ने करीब एक माह तक लगातार अनुसंधान कर इस गिरोह का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूरण बागरी, सुल्तान बागरी, गोलू बागरी तथा चोरी का माल खरीदने वाले शफीक मोहम्मद और जाहिद मोहम्मद के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह खेतों में लगे बिजली के खंभों से 33 केवी और 11 केवी की विद्युत लाइन काटकर तार चोरी करता था। गिरोह कैथून, सीमल्या, देवली मांझी सहित कोटा ग्रामीण के विभिन्न क्षेत्रों और बारां जिले में सक्रिय था। पुलिस ने कोटा ग्रामीण के 77 स्थानों पर हुई वारदातों के साथ अन्य क्षेत्रों की घटनाओं का भी खुलासा किया है।

गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्य जुटाए। हाइवे और दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे के टोल डेटा, सीसीटीवी फुटेज तथा कोटा शहर के अभय कमांड सेंटर की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों की भूमिका भी सामने आई जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1200 किलो से अधिक विद्युत तार बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदातों में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और शेष वारदातों के संबंध में भी अनुसंधान कर रही है।