CM की बैठक के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई, वैर SHO सस्पेंड, कई अधिकारी APO

CM की बैठक के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई, वैर SHO सस्पेंड, कई अधिकारी APO

जयपुर। राजस्थान में आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों की कथित लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी को निलंबित किया गया, जबकि छह अधिकारियों को एपीओ किया गया। इसके अलावा दो अधिकारियों को पद से हटाने की कार्रवाई भी की गई।

पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड में कार्रवाई-

समीक्षा बैठक के बाद सामने आई कार्रवाई में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड के मामले में वैर थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। वहीं, वैर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत और भुसावर के वृत्ताधिकारी नीरज भारद्वाज को एपीओ किया गया है।

वकील और RSS प्रचारक से जुड़े मामलों में भी गिरी गाज-

पुलिस विभाग की कार्रवाई का दायरा अन्य मामलों तक भी पहुंचा है। वकील को थप्पड़ मारने के मामले में किशनगढ़ की उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) अंजू यादव को एपीओ किया गया है। वहीं, आरएसएस प्रचारक के साथ मारपीट के मामले में सांभर के वृत्ताधिकारी मुकेश जोशी को भी एपीओ किया गया है।