कैदियों से घर का काम कराने वाली निलंबित जेलर दिव्या चौधरी कोटा से गिरफ्तार, करीब दो माह से थी फरार, साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दबोचा

कैदियों से घर का काम कराने वाली निलंबित जेलर दिव्या चौधरी कोटा से गिरफ्तार, करीब दो माह से थी फरार, साइबर सेल की मदद से पुलिस ने दबोचा

यतीश व्यास 

कोटा। केंद्रीय महिला कारागार की दो महिला कैदियों को बिना अनुमति जेल से बाहर ले जाकर निजी काम कराने के मामले में फरार चल रही निलंबित जेलर दिव्या चौधरी को अजमेर की सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार किया है। दिव्या चौधरी करीब दो माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थी। मामले में उसकी सहयोगी जेल प्रहरी सोनिया चौधरी को भी निलंबित किया जा चुका है।

अजमेर नॉर्थ सीओ शिवम जोशी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को हत्या के मामले में सजा काट रही कैदी सना और किरण को जेलर दिव्या चौधरी जेल से बाहर निकालकर अपने फ्लैट पर ले गई थी। आरोप है कि दोनों कैदियों को जेल से बाहर ले जाने के लिए न तो न्यायालय से अनुमति ली गई और न ही जेल रजिस्टर में इसकी कोई एंट्री की गई।

बताया गया कि दोनों कैदियों को जेल से बाहर ले जाने के दौरान ड्यूटी पर तैनात प्रहरियों ने विरोध भी किया था। इस दौरान दिव्या चौधरी और सोनिया चौधरी की प्रहरियों से कहासुनी हुई। विरोध के बावजूद दोनों कैदियों को निजी कार से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित फ्लैट पर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, वहां दोनों महिला कैदियों से घर का काम कराया गया।

मामला सामने आने के बाद जेल विभाग ने जेलर दिव्या चौधरी और जेल प्रहरी सोनिया चौधरी को निलंबित कर दिया था। इसके बाद 5 अगस्त को जेल विभाग की ओर से सिविल लाइंस थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। तभी से दिव्या चौधरी फरार चल रही थी।

कोटा में मिली लोकेशन, पुलिस ने दबोचा-

सीओ शिवम जोशी ने बताया कि साइबर सेल की मदद से पुलिस ने निलंबित जेलर दिव्या चौधरी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन कोटा में मिली। इसके बाद अजमेर पुलिस की टीम कोटा पहुंची और एक फ्लैट में रह रही दिव्या चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।