घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन चुराता था शातिर, 12 बाइक-स्कूटर बरामद, कोटा के पांच थाना क्षेत्रों के अलावा बूंदी और टोंक में भी की चोरी की वारदातें

घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन चुराता था शातिर, 12 बाइक-स्कूटर बरामद, कोटा के पांच थाना क्षेत्रों के अलावा बूंदी और टोंक में भी की चोरी की वारदातें

यतीश व्यास 

कोटा। घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहन चुराने वाले शातिर वाहन चोर को कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही से पुलिस ने चोरी की 10 मोटरसाइकिल और 2 एक्टिवा स्कूटर सहित कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी ने कोटा शहर के कुन्हाड़ी, जवाहर नगर, कैथूनीपोल, अनंतपुरा और दादाबाड़ी थाना क्षेत्रों के अलावा बूंदी जिले के कोतवाली तथा टोंक जिले के देवली थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

कुन्हाडी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि रात्रि के समय घरों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए टीमों का गठन किया गया था। इसके बाद 5 अक्टूबर को अनिल सिंह सोलंकी को काली बस्ती कुन्हाड़ी से डिटेन किया। पूछताछ के बाद उसे चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया।

मामले की शुरुआत 1 अक्टूबर को आरएचबी कॉलोनी निवासी चन्द्रप्रकाश शर्मा की रिपोर्ट से हुई। उन्होंने बताया था कि पंचवटी कॉलोनी पाल स्थित हनुमानजी मंदिर के पास पार्क के मुख्य गेट के सामने सुबह करीब 5.50 बजे अपनी एक्टिवा खड़ी कर अंदर गए थे। करीब 6.30 बजे लौटे तो स्कूटर गायब मिला।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कोटा शहर के पांच थाना क्षेत्रों सहित बूंदी और टोंक में 10 मोटरसाइकिल और 2 एक्टिवा स्कूटर चोरी करना स्वीकार किया। अनुसंधान के दौरान आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी के कुल 12 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।