कोटा: रंगपुर पुलिया पर हुआ हादसा: नगरीय परिवहन बस की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार, पोस्टमार्टम रूम के बाहर बैठे परिजन, प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग

कोटा: रंगपुर पुलिया पर हुआ हादसा: नगरीय परिवहन बस की टक्कर से युवक की मौत, परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार, पोस्टमार्टम रूम के बाहर बैठे परिजन, प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग

यतीश व्यास 

कोटा।भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र के रंगपुर पुलिया पर सोमवार शाम नगरीय परिवहन सेवा की बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने MBS अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बैठकर शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजन प्रशासन को मौके पर बुलाने और उनकी मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार नंदा जी बाड़ी, खेड़ली फाटक निवासी धीरज कुमार वर्मा (26) कारीगरी का काम करता था। सोमवार को वह रोटेदा रोड से काम खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। करीब 3.40 बजे रंगपुर पुलिया के ऊपर सामने से आ रही नगरीय परिवहन सेवा की बस संख्या RJ-20-PA-6712 ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

हादसे में धीरज के सिर में गंभीर चोट आई। एक राहगीर उसे ऑटो से MBS अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती किया गया। पुलिस चौकी से परिजनों को हादसे की सूचना मिली। परिजन अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही उपचार के दौरान धीरज की मौत हो चुकी थी। शव को MBS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

परिजन मोर्चरी के बाहर बैठे हैं। उन्होंने शव उठाने से इनकार करते हुए प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में उनकी बात सुनी जाए और उचित कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज-

मृतक के पिता हरलाल पुत्र गोपाल, निवासी नंदा जी बाड़ी खेड़ली फाटक ने भीमगंजमंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान ASI रामस्वरूप को सौंपा गया है।