कोटा: मार्बल कारोबार का झांसा देकर 50 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

कोटा: मार्बल कारोबार का झांसा देकर 50 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। किशोरपुरा थाना पुलिस ने मार्बल कारोबार में साझेदारी का झांसा देकर 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 75 हजार रुपए बरामद किए हैं। मामले में गिरोह के सरगना सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

थानाधिकारी चेतन शर्मा ने बताया कि मार्बल व्यवसाय का झांसा देकर 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी। शक्ति नगर निवासी गोवर्धन खंडेलवाल ने रिपोर्ट में बताया कि 17 अगस्त को उनके मोबाइल पर WhatsApp कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अशोक पाटनी और आर.के. मार्बल्स से जुड़ा बताते हुए कोटा एयरपोर्ट पर मार्बल का काम साथ में करने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे 50 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। पुलिस ने बलवन्त सिंह उर्फ बलसा और सचिन भाटी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि बलवन्त सिंह उर्फ बलसा को जेल भेज दिया गया है, जबकि सचिन भाटी पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ के दौरान ठगी की रकम में उसके हिस्से से 75 हजार रुपए बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में लूट और हत्या जैसे संगीन मामले भी दर्ज हैं।

पुलिस अब मामले के सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। जालौर, सिरोही, बाड़मेर और सूरत में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।