पर्यावरण संरक्षण की पहल: शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका का कल होगा उद्घाटन

यतीश व्यास 

कोटा, 30 सितंबर। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन की दिशा में शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से संयुक्त पहल की गई है। इसके तहत शिक्षा सहकारी-स्काउट गाइड वाटिका का उद्घाटन बुधवार को सुबह 11 बजे जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय, में किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक कमल कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय कोटा रामचरण मीना होंगे। अध्यक्षता स्काउट गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल करेंगे। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लाड़पुरा ममता चौधरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अंता गायत्री मीना, शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमना लाल गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

वाटिका के उद्घाटन के साथ पौधारोपण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार वाटिका का उद्देश्य हरियाली को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड को प्रकृति से जोड़ना और पौधों की देखभाल के प्रति जागरूक करना है।

कार्यक्रम में प्रबंध संचालक बारां अनुराधा शर्मा, संचालक दिनेश कुमार मीना, रवि प्रकाश गौतम, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल, पूनम गौतम, शिवराज गोचर, दिनेश कुमार नागर एवं महावीर प्रसाद मीना विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

शर्मा ने बताया कि इस पहल के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही “एक पेड़-एक जीवन” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।