कोटा: अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा के 104 अखाड़ों पर होगी पुलिस की नजर, ‘दिव्यदृष्टि’ से होगी हवाई निगरानी

कोटा: अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा के 104 अखाड़ों पर होगी पुलिस की नजर, ‘दिव्यदृष्टि’ से होगी हवाई निगरानी

यतीश व्यास 

कोटा। अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा एवं अखाड़ा जुलूस को लेकर गुरुवार को SIAM ऑडिटोरियम में पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। अधिकारियों ने आयोजकों और अखाड़ा प्रतिनिधियों को सुरक्षा, यातायात, निर्धारित मार्ग और अनुशासित संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आदेश के अनुसार शोभायात्रा दोपहर करीब 12 बजे सूरजपोल गेट से रवाना होकर निर्धारित मार्ग से किशोर सागर तालाब की बारादरी पहुंचेगी। जुलूस में 104 अखाड़े प्रस्तावित हैं, इनमें 51 लाइसेंसधारी और 53 बिना लाइसेंस वाले हैं। शोभायात्रा में 81 अखाड़ों के साथ करीब 150 से 200 झांकियां, भजन मंडलियां, बैंड एवं अन्य वाहन शामिल होंगे।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस की ‘दिव्यदृष्टि ड्रोन यूनिट’ का शुभारंभ किया गया। इसके जरिए शोभायात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की हवाई निगरानी की जाएगी।वहीं संस्थाओं के सहयोग से ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों को खाद्य सामग्री के किट बैग वितरित किए गए।