कोटा: 5 हजार का इनामी शातिर ठग बल्लू गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा व बाइक बरामद

कोटा: 5 हजार का इनामी शातिर ठग बल्लू गिरफ्तार, चोरी की एक्टिवा व बाइक बरामद

यतीश व्यास 

कोटा। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी शातिर ठग बल्लू उर्फ बलराम उर्फ सलीम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी की एक्टिवा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अपने ठिकाने और वाहन बदलता रहता था।

भीमगंजमंडी थानाधिकारी रामविलास मीणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भीमगंजमंडी थाने में ठगी का मामला दर्ज था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

मामला 5 अप्रैल 2026 को दर्ज हुआ था। फरियादी छोटू पंकज ने रिपोर्ट में बताया था कि वह गैस सिलेंडर भरवाने एक गैस एजेंसी गया था। वहां आरोपी ने कम रुपए में सिलेंडर भरवाने का झांसा दिया और उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल तथा 2500 रुपए लेकर फरार हो गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जेल के सामने खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने पीछा कर उसे अंटाघर चौराहे के पास से पकड़ लिया। जांच में एक्टिवा स्कूटी भोपाल से चोरी की होना सामने आया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मामले में चोरी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार आरोपी काम का झांसा देकर लोगों को विश्वास में लेता था और फिर उनके वाहन, मोबाइल, नकदी व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।