कोटा: कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रहलाद गुंजल ने किया जनसंपर्क, बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए महेश लाड़ना

कोटा: कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रहलाद गुंजल ने किया जनसंपर्क, बीजेपी छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए महेश लाड़ना

यतीश व्यास 


कोटा। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने नगर निगम चुनाव को लेकर मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सघन जनसंपर्क और रोड शो किया। उन्होंने वार्ड 30 से प्रत्याशी सपना, वार्ड 31 से विनोद कुमार, वार्ड 32 से राममूर्ति बाई, वार्ड 33 से जसवंत सुमन तथा वार्ड 62 से भुवनेश ऋषि के समर्थन में जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

गुंजल ने वार्ड 20 स्थित करणी नगर-नांता में कांग्रेस प्रत्याशी अशोक मेघवाल के समर्थन में बंजारा समाज और काल भीलिया समाज की संयुक्त बैठक भी ली। बैठक में समाज प्रतिनिधियों ने कांग्रेस को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इसके अलावा रंगबाड़ी क्षेत्र में वार्ड 23, 24 और 25 के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान किया।

इस दौरान कुन्हाड़ी क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश कुमार लाडना ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के अनुसार लाडना करीब 30 वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए थे। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने अपने निवास पर उन्हें माला और कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया।

गुंजल ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनने जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।

गुंजल बुधवार सुबह पाटनपोल क्षेत्र के वार्ड 46 में कांग्रेस प्रत्याशी नीरज शर्मा के समर्थन में आयोजित रैली और जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे गुमानपुरा स्थित गुजराती समाज भवन में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करेंगे।