कोटा: किशोरपुरा गेट–टिपटा गढ़ रोड पर जलभराव से बढ़ी परेशानी, सड़क मरम्मत की मांग, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

कोटा: किशोरपुरा गेट–टिपटा गढ़ रोड पर जलभराव से बढ़ी परेशानी, सड़क मरम्मत की मांग, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

यतीश व्यास 

कोटा। शहर के किशोरपुरा गेट से टिपटा गढ़ जाने वाले मार्ग पर जलभराव और जर्जर सड़क की समस्या को लेकर मंगलवार को भाजपा नेताओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पूर्व पार्षद महेश गौतम लल्ली के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में जल्द समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि किशोरपुरा गेट से टिपटा गढ़ की ओर जाने वाला यह मार्ग शहर के प्रमुख रास्तों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद पिछले चार महीनों से सड़क पर पानी भरा रहने के कारण जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।

नेताओं का कहना है कि जलभराव और खराब सड़क के चलते आए दिन राहगीर और वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने आयुक्त से मांग की कि समस्या का तुरंत समाधान कर सड़क को दुरुस्त कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

ज्ञापन देने वालों में मनीष तिवारी, इंदर शर्मा, राहुल गौतम, नंद सिंह बना, अभिराज विजय, बालू खटीक और विष्णु सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।