कोटा: फिजियोथेरेपी के नाम पर झोलाछापों पर लगे रोक- आईएपी एनसीएएचपी स्टेट काउंसिल गठन व पंजीकरण पोर्टल शुरू करने की मांग

कोटा: फिजियोथेरेपी के नाम पर झोलाछापों पर लगे रोक- आईएपी एनसीएएचपी स्टेट काउंसिल गठन व पंजीकरण पोर्टल शुरू करने की मांग

यतीश व्यास 

कोटा, 8 सितम्बर। फिजियोथेरेपी के नाम पर बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के इलाज करने वालों पर कार्रवाई की मांग को लेकर द इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजियोथेरेपिस्ट्स (आईएपी) की जिला शाखा ने मुख्यमंत्री के नाम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

आईएपी पदाधिकारियों ने राजस्थान में एनसीएएचपी स्टेट काउंसिल के गठन की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा डिग्रीधारी फिजियोथेरेपिस्ट के अनिवार्य पंजीकरण के लिए पोर्टल जल्द शुरू करने की मांग की। संगठन का कहना है कि पंजीकरण व्यवस्था में देरी का फायदा अप्रशिक्षित लोग उठा रहे हैं और मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

जिला संयोजक डॉ. दिनेश कुमार शर्मा व सचिव डॉ. जसविंदर सिंह ने छह माह या एक वर्ष के फर्जी डिप्लोमा के आधार पर क्लीनिक संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि गलत थेरेपी से गंभीर मरीजों और बच्चों को स्थायी नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

ज्ञापन के दौरान डॉ. राहिल इकबाल सहित आईएपी के सदस्य मौजूद रहे।