कोटा: वार्ड 13 में फैजल बेग का शक्ति प्रदर्शन, जनसंपर्क में उमड़ा समर्थकों का हुजूम, केले और लड्डुओं से तौला

कोटा: वार्ड 13 में फैजल बेग का शक्ति प्रदर्शन, जनसंपर्क में उमड़ा समर्थकों का हुजूम, केले और लड्डुओं से तौला

यतीश व्यास 

कोटा। नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 13 का सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी फैजल बेग ने सोमवार को संजय नगर से जनसंपर्क अभियान चलाकर अपनी चुनावी ताकत का अहसास कराया। समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ निकले जुलूसनुमा जनसंपर्क अभियान में जगह-जगह स्वागत और नारेबाजी का दौर चला।

मुख्य चुनाव कार्यालय से शुरू हुआ जनसंपर्क संजय नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होता हुआ वाल्मीकि बस्ती तक पहुंचा। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने फैजल बेग का मालाएं पहनाकर स्वागत किया। संजय नगर बाल्मिकी बस्ती में विनोद डागर, रजत और रोहित नारवाल की मौजूदगी में फैजल बेग को केले से तौला गया। वहीं नेहरू नगर स्थित वाल्मीकि बस्ती में कांग्रेस नेता हेमचंद पंवार एवं विजय पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लड्डुओं से तौलकर प्रत्याशी का अभिनंदन किया।

जनसंपर्क अभियान के दौरान गली नंबर 4 में भी सलीम और फैयाज के नेतृत्व में समर्थकों ने फैजल बेग को केले से तौलकर स्वागत किया। फैजल बेग ने जनसंपर्क के दौरान घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने वार्ड में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की।