राम के आदर्शों पर चलकर ही बनेंगे संस्कारित नागरिक- कछवाहा

राम के आदर्शों पर चलकर ही बनेंगे संस्कारित नागरिक- कछवाहा

यतीश व्यास 

कोटा/भवानी मंडी। शहर के रामनगर स्थित नंदूबाई शंकरलाल आदर्श विद्या मंदिर में सोमवार को परीक्षा परिणाम वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बालाजी टाइम्स के संपादक व जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश संगठन महामंत्री भवँर सिंह कछवाहा उपस्थित रहे।

कछवाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर मर्यादित और संस्कारित रहकर ही समाज में आदर्श स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं अपने आचरण से उदाहरण प्रस्तुत करेंगे, तभी दूसरों से बदलाव की अपेक्षा कर पाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें ऐसी संस्था में शिक्षा मिल रही है, जहां पढ़ाई के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों का भी समावेश है।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी अशोक कुमार सोनी ने कहा कि मोबाइल का उपयोग सीमित और सही उद्देश्य के लिए ही करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखें, क्योंकि यह उनके भविष्य के लिए हानिकारक हो सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जगदीश गुप्ता, संरक्षक राजेश शर्मा, मंत्री विजय प्रकाश तथा प्रधानाचार्य दिनेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।