कोटा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा, बड़े अंतर से दर्ज होगी जीत- पंकज मेहता

कोटा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा, बड़े अंतर से दर्ज होगी जीत- पंकज मेहता

यतीश व्यास 

कोटा। नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता ने दावा किया है कि इस बार कोटा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा और पार्टी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।

मेहता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटे हुए हैं। पार्टी प्रत्याशी लगातार वार्डों में जनसंपर्क कर आमजन से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ ही शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब जनता बहकावे में आने वाली नहीं है। मतदाता राष्ट्रहित और समाजहित को प्राथमिकता देते हुए मतदान कर रहे हैं और भाजपा को लगातार अपना समर्थन दे रहे हैं। कोटा की जनता विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व चाहती है तथा भाजपा इसी सोच के साथ नगर निगम चुनाव में जनता के बीच पहुंच रही है।

पंकज मेहता ने दावा किया कि वार्ड स्तर पर भाजपा प्रत्याशियों को मिल रहा जनसमर्थन स्पष्ट संकेत दे रहा है कि चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में आएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का मजबूत संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है। बूथ स्तर से लेकर वार्ड और शहर स्तर तक कार्यकर्ता चुनाव अभियान में पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मेहता ने कहा कि जनता अब केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास और काम देखना चाहती है। कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों और बरगलाने की राजनीति से जनता ऊपर उठ चुकी है। भाजपा के प्रति जनता में विश्वास का माहौल है और इस बार कोटा नगर निगम चुनाव में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।