कोटा: देवाशीष सिटी आवासीय कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष पर लाखों रुपए के गबन का आरोप, गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी-आईजी को सौंपा ज्ञापन

कोटा: देवाशीष सिटी आवासीय कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष पर लाखों रुपए के गबन का आरोप, गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी-आईजी को सौंपा ज्ञापन

यतीश व्यास 

कोटा। देवाशीष सिटी आवासीय कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कॉलोनीवासियों ने एसपी और कोटा रेंज आईजी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ कथित गबन की राशि, समिति का रिकॉर्ड, दस्तावेज और संपत्तियां जब्त कर समिति को वापस दिलाने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि एफआईआर बोरखेड़ा में दर्ज है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अरविन्द यादव, जो पूर्व में देवाशीष सिटी आवासीय कल्याण समिति के अध्यक्ष थे, ने समिति के खातों में लाखों रुपए का गबन कर राशि हड़प ली। ज्ञापन में दावा किया गया कि मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा शहर द्वारा की गई और जांच में आरोप प्रमाणित पाए गए हैं। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना बोरखेड़ा पुलिस को निर्देश दिए जाने की बात कही गई है।

कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि काफी समय बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना अधिकारी से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से रहवासियों में रोष है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी द्वारा समिति के कर्मचारियों, पदाधिकारियों और कॉलोनी में निवासरत बुजुर्गों को धमकाने एवं अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही समिति के कार्यों में बाधा उत्पन्न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

कॉलोनीवासियों ने पुलिस अधिकारियों से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने, कथित गबन की राशि की बरामदगी तथा समिति से संबंधित रिकॉर्ड, दस्तावेज और संपत्तियों को जब्त कर समिति को सौंपने की मांग की है।