जंतर मंतर के बाद अब रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला, बेहद शर्मनाक- मनोज दुबे

जंतर मंतर के बाद अब रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला, बेहद शर्मनाक- मनोज दुबे

कोटा। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे ने झारखंड की राजधानी रांची में विधानसभा की ओर प्रदर्शन करने जा रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ने और वाटर कैनन के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को घोर निंदनीय और बेहद शर्मनाक बताते हुए छात्रों एवं युवाओं के प्रति बढ़ते दमन को चिंताजनक बताया।

दुबे ने कहा कि जंतर-मंतर के बाद अब रांची में छात्रों की आवाज को दबाने के लिए जिस तरह बल प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षित भविष्य की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निहत्थे छात्रों एवं युवाओं पर बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। सरकार को युवाओं की समस्याओं और उनकी जायज मांगों को सुनने के बजाय संवाद के माध्यम से समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए।

दुबे ने कहा कि देश और प्रदेशों में छात्रों एवं युवाओं पर इस तरह की कार्रवाई की घटनाएं लगातार सामने आना बेहद चिंताजनक है। लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने का अधिकार सभी को है। ऐसे में छात्रों की आवाज सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए, न कि लाठी और बल प्रयोग के जरिए उन्हें दबाया जाए।